धान क्रय की समीक्षा बैठक : किसानों का सत्यापन प्राथमिकता पर करें, किसानों को 96% भुगतान: डीएम
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 11 Dec, 2024
- 190
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 11 दिसंबर। मंगलवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में धान क्रय की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने धान खरीद और किसानों को भुगतान की स्थिति की जानकारी ली।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी विवेक सिंह ने बताया कि अब तक 12,393 किसानों से लगभग 63,648.6 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें से किसानों को 96 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है।
किसानों का सत्यापन प्राथमिकता पर करें: डीएम
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी तहसीलों के एसडीएम किसानों के पंजीकरण और सत्यापन कार्य को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को हर दिन धान क्रय की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही, धान परिवहन की प्रभावी ट्रैकिंग के लिए शत-प्रतिशत वाहनों पर जीपीएस लगाने के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी खरीद एजेंसियों को किसानों को न्यूनतम 85 प्रतिशत भुगतान शीघ्र करने और धान प्रेषण की प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया।
धान क्रय का 32% लक्ष्य पूरा
डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह ने बताया कि इस वर्ष 2 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य है। अब तक 63,648 मीट्रिक टन यानी 32 प्रतिशत धान खरीद हो चुकी है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एआर सहकारिता सुनील गुप्ता, एलडीएम बी.एन. मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

